जालंधर(16/11/2026): दोस्तों, पिछले एक-दो दिनों से जालंधर के मौजूदा मेयर विनीत धीर और उनके बिजनेस पार्टनर पुलकित मुरगई को लेकर एक व्यक्ति सोशल मीडिया पर आरोप लगाता दिखाई दे रहा है कि विनीत धीर और पुलकित मुरगई ने उक्त व्यक्ति के परिवार के कुछ सदस्यों को पुलिस से गिरफ्तार करवा दिया है। इस पूरे मामले का आधार एक बड़ी रकम के लेन-देन को बताया जा रहा है। जब से यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है, जालंधर सहित पंजाब के कुछ अन्य क्षेत्रों में भी इस मामले को लेकर चर्चा छिड़ गई है।
ऐसे में हमारे कुछ पाठकों की हमसे यह अपेक्षा थी कि हम इस मामले पर रोशनी डालें और विनीत धीर के बिजनेस पार्टनर पुलकित मुरगई के बारे में आम जनता को जानकारी दें, ताकि इन आरोप-प्रत्यारोपों के बीच यह अंदाजा लगाया जा सके कि कौन-सा पक्ष कितना सही और कितना गलत है।
आरोप लगाने वाले व्यक्ति ने बताया है कि श्री पुलकित मुरगई का मुख्य व्यवसाय विज्ञापन का है। आरोप लगाने वाले की यह बात सही है कि श्री पुलकित पिछले कई वर्षों से विज्ञापन के कारोबार में सक्रिय हैं। पिछले लगभग 15 वर्षों से हम देखते आ रहे हैं कि श्री पुलकित ने विज्ञापन के व्यवसाय में अच्छी-खासी तरक्की की है।
लेकिन एक बात शायद बहुत कम लोगों को पता होगी कि श्री पुलकित की दशकों लंबी व्यावसायिक यात्रा के दौरान किसी भी प्रतिस्पर्धी, ग्राहक या सामान के आपूर्तिकर्ता ने कभी एक बार भी उन पर उंगली नहीं उठाई है।
हमने जब से पुलकित को कारोबार करते हुए देखना शुरू किया है, तब से यही देखा है कि पुलकित मुरगई ने कभी किसी का एक पैसा भी नहीं मारा। यदि किसी को उनका कोई पैसा देना बाकी रहा है, तो वे स्वयं उसके घर तक पैसे लौटाने जाते रहे हैं। आज तक हमने किसी ग्राहक को पुलकित से नाराज होते नहीं देखा। पुलकित को कभी झूठ बोलते हुए भी नहीं पाया गया। व्यावसायिक क्षेत्र में यह अपने आप में बहुत बड़ी बात होती है।
हमने दिल्ली से लेकर जालंधर तक पत्रकारिता और व्यावसायिक गतिविधियों के दौरान न जाने कितने कारोबारियों को करीब से देखा, परखा और जांचा है, लेकिन यकीन मानिए, किसी भी व्यावसायिक क्षेत्र में आज तक पुलकित जितना साफ-सुथरा और ईमानदारी से कारोबार करने वाला व्यक्ति देखने को नहीं मिला।
विनीत धीर आज सक्रिय राजनीति में हैं। ऐसे में उनके खिलाफ सही या गलत आरोप लगना कोई असामान्य बात नहीं हो सकती, लेकिन ऐसे आरोपों में पुलकित मुरगई जैसे नेक और मासूम व्यक्ति को घसीटना उचित नहीं लगता।
जहां तक किसी को जेल भिजवाने की बात है, तो यह आरोप भी आसानी से गले नहीं उतरता। हमने कई बार सुना है कि अनेक ग्राहकों ने विज्ञापन का काम करवाने के बाद भुगतान करते समय पुलकित के पैसे काट लिए, लेकिन पुलकित ने कभी किसी की शिकायत करना तो दूर, किसी के खिलाफ एक शब्द तक नहीं कहा। ऐसा कोई मामला आज तक हमारे सामने नहीं आया। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि पुलकित किसी को जेल भिजवाने जैसा कदम कैसे उठा सकते हैं।
पुलकित के दशकों लंबे साफ-सुथरे व्यावसायिक रिकॉर्ड को देखते हुए केवल इस आधार पर कि पुलकित मुरगई जालंधर के मौजूदा मेयर के बिजनेस पार्टनर हैं, इन सभी आरोपों पर आंख बंद करके विश्वास कर लेना या उनके बारे में कोई नकारात्मक धारणा बना लेना बिल्कुल उचित नहीं होगा।
शिकायत करने वाले व्यक्ति को चाहिए था कि यदि कोई लेन-देन का मामला था, तो वह पुलकित के साथ बैठकर उसे सुलझाने का प्रयास करता, न कि इस तरह सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने जैसा कदम उठाता।
इस वीडियो को पूरा सुनने के बाद हमारे मन में यह आशंका पैदा होती है कि कहीं श्री पुलकित और विनीत धीर के खिलाफ कोई राजनीतिक साजिश तो नहीं रची जा रही है। इसलिए इस मामले पर कड़ी नजर रखना जरूरी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं इसके पीछे कोई विरोधी राजनीतिक दल तो नहीं है।
हालांकि, यदि शिकायत करने वाले व्यक्ति की बातें थोड़ी भी वास्तविक और सद्भावनापूर्ण हैं, तो पुलकित को इस मामले को सुलझाने की दिशा में कदम उठाने चाहिए। वहीं, यदि इस पूरे मामले के पीछे किसी की दुर्भावनापूर्ण मंशा है, तो देश की आम जनता और कानून की यह जिम्मेदारी बनती है कि वे पुलकित की सच्चाई, नेकनीयती और ईमानदारी से अर्जित कमाई पर भरोसा रखें तथा उनके बेदाग दामन पर बदनामी का कोई दाग न लगने दें।
इस लेख में हमने जो भी लिखा है, वह श्री पुलकित के व्यावसायिक रिकॉर्ड को देखते हुए हमारा व्यक्तिगत अनुभव है। इस लेख के माध्यम से हमारा न तो श्री पुलकित और विनीत धीर के खिलाफ लगाए गए आरोपों को सही साबित करने का प्रयास है और न ही उन्हें गलत साबित करने का।
हमारा उद्देश्य केवल इतना है कि आम जनता किसी भी प्रकार की राय बनाने से पहले थोड़ी सतर्कता बरते और किसी भी आरोप पर आंखें बंद करके विश्वास न करे। हमारा मानना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले मामले के सभी पहलुओं को समझना और उनकी निष्पक्षता से जांच करना जरूरी है।
Tags
Human Right
